उत्तराखंडदेहरादून

रील के जुनून में ‘मौत का सफर’

फेयरवेल पार्टी में हाईवे पर स्टंटबाजी,

रील के जुनून में ‘मौत का सफर’
फेयरवेल पार्टी में हाईवे पर स्टंटबाजी,
रुद्रप्रयाग पुलिस ने पांच वाहनों के काटे चालान,,
वायरल वीडियो बना सबूत,,
रुद्रप्रयाग। सोशल मीडिया पर मशहूर होने की चाह में युवाओं की खतरनाक स्टंटबाजी आखिरकार पुलिस कार्रवाई तक पहुंच गई। इंस्टाग्राम पर वायरल हुए एक वीडियो के आधार पर रुद्रप्रयाग पुलिस ने फेयरवेल पार्टी के दौरान नेशनल हाईवे पर यातायात नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाने वाले पांच वाहनों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार, राइंका रुद्रप्रयाग के छात्र-छात्राएं फेयरवेल पार्टी के जश्न में इस कदर डूब गए कि चलती गाड़ियों की खिड़कियों और दरवाजों से बाहर निकलकर खतरनाक अंदाज में झूलते और हंगामा करते नजर आए। यह पूरा घटनाक्रम नेशनल हाईवे पर हुआ, जहां जरा सी चूक भी बड़े हादसे का कारण बन सकती थी। जागरूक नागरिकों ने सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का लिंक पुलिस को उपलब्ध कराया। वीडियो का संज्ञान लेते हुए यातायात निरीक्षक ने तत्काल कार्रवाई की। जांच के दौरान वीडियो में दिखाई दे रहे पांच वाहनों की पहचान की गई और संबंधित वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम की धाराओं के तहत चालान काटे गए। हैरानी की बात यह रही कि वाहन चालक युवाओं की इस लापरवाही को रोकने के बजाय इसे जारी रहने देते रहे, जिससे स्थिति और भी जोखिमपूर्ण हो गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर ‘रील’ बनाने या लोकप्रियता हासिल करने के नाम पर कानून से खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हाईवे पर इस प्रकार की स्टंटबाजी न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन है, बल्कि स्वयं और अन्य लोगों की जान जोखिम में डालने जैसा है। पुलिस उपाधीक्षक प्रबोध घिल्डियाल ने विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों से अपील की कि किसी भी उत्सव या आयोजन को शालीनता एवं अनुशासन के साथ मनाएं। पुलिस का कहना है कि “एक छोटी सी लापरवाही, जिंदगी भर का दर्द बन सकती है। सुरक्षित यात्रा ही असली जश्न है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button