उत्तराखंडदेहरादून

दून बना क्राइम की राजधानी, दिन प्रतिदिन हो रही ताबडतोड़ वारदात

मृतक पर देश भर में 50 से अधिक हत्या व अन्य मुकदमें दर्ज

दून बना क्राइम की राजधानी, दिन प्रतिदिन हो रही ताबडतोड़ वारदात
जिम से निकल रहे हिस्ट्रीशीटर की गोली मारकर की हत्या
पुलिस जता रही गैंगवार की आशंका
मृतक व्यक्ति हिस्ट्रीशीटर व मूल रूप से झारखंड का रहने वाला
मृतक पर देश भर में 50 से अधिक हत्या व अन्य मुकदमें दर्ज
देहरादून। राजधानी दून में एक और हत्याकांड को अंजाम दिया गया है। शुक्रवार सुबह 10 बजे के करीब एक व्यक्ति को गोली मारी गई है। सिल्वर सिटी मॉल के पास इस वारदात को अंजाम दिया गया है। थाना राजपुर पुलिस ने गोली मारे जाने की पुष्टि की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस की ओर से बताया गया है कि मृतक व्यक्ति हिस्ट्रीशीटर था और मूल रूप से झारखंड का रहने वाला था। फिलहाल वो देहरादून रह रहा था।
विक्रम शर्मा (45 वर्ष) नाम का ये शख्स राजपुर रोड पर स्थित सिल्वर सिटी मॉल के जिम से बाहर आ रहा था जब उसको गोली मारी गई। उसको तुरंत अस्पताल लेकर जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंच गई है और मामले की जांच की जा रही है।
गोली मारकर हत्या करने की ये घटना राजधानी देहरादून के राजपुर रोड सिल्वर सिटी मॉल की है। विक्रम शर्मा निवासी सहस्त्रधारा रोड जिम में फिटनेस करके बाहर निकल रहा था। इसी दौरान दो हमलावर पैदल चलकर विक्रम के पास पहुंचे और ताबड़तोड़ गोलियां चला दी और वहां से फरार हो गए। उनका तीसरा साथी बाइक पर उनका इंतजार कर रहा था। काम होते ही बाकी दोनों भी बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, फॉरेंसिक टीम और एसटीएफ मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई।
राजधानी देहरादून में इस एक और हत्याकांड से हड़कंप मच गया है। आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, एसएसपी अजय सिंह समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस फिलहाल सीसीटीवी फुटेज के सहारे जांच आगे बढ़ा रही है। हमलावरों की पहचान के प्रयास हो रहे हैं। पुलिस आपसी रंजिश या विवाद की आशंका भी जता रही है।
सुबह 10.15 की घटना है। हमलावर दो से तीन लोग हैं। जिम से बाहर आते वक्त विक्रम पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई गईं। मौके से उनको अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने विक्रम को मृत घोषित कर दिया। सीसीटीवी फुटेज की जांच हो रही है।
एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि मृतक हिस्ट्रीशीटर है। उसपर 50 से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं। लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। गैंगवार की आशंका भी है। हर एंगल से जांच की जा रही है। झारखंड पुलिस से भी संपर्क किया जा रहा है। एसएसपी ने ये जानकारी भी दी है कि, मृतक विक्रम शर्मा के पास से एक पिस्टल भी बरामद हुई है। वो अपने साथ पिस्टल लेकर ही जिम से बाहर आ रहा था, लेकिन हमलावरों के सामने उसे पिस्टल निकालने का मौका नहीं मिल सका। बताया जा रहा है कि विक्रम शर्मा मूल रूप से झारखंड के जमदेशपुर का रहने वाला था। वो उत्तराखंड में प्रॉपर्टी डीलिंग और खनन बिजनेस से जुड़ा हुआ था। देहरादून में रेस कोर्स इलाके में उसका घर था।

घात लगाये बैठे बदमाशों ने की फायरिंग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विक्रम शर्मा जिम करने के बाद सिल्वर सिटी मॉल की सीढ़ियों से नीचे उतर रहा था। उसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने उसे निशाना बनाया। बताया जा रहा है कि तीन हमलावरों में से एक बाहर बाइक पर निगरानी कर रहा था। दो हमलावर मॉल के अंदर घुसे हुए थे। जैसे ही विक्रम सीढ़ियों से नीचे आया, हमलावर उसके करीब पहुंचे और उस पर ताबड़तोड़ तीन गोलियां दाग दीं। हमले की रफ्तार इतनी तेज थी कि विक्रम अपने पास मौजूद लाइसेंसी पिस्टल तक नहीं निकाल सका।

फायरिंग के बाद मौके से फरार बदमाश
घटना के समय मॉल के अधिकतर शोरूम बंद थे, लेकिन सफाई का काम चल रहा था। गोलियों की आवाज सुनते ही वहां मौजूद कुछ महिलाएं और कर्मचारी घबराकर घटनास्थल की ओर दौड़े। तबतक हमलावर मौके से फरार हो चुके थे। फर्श पर खून बिखरा पड़ा था। जिम में मौजूद लोग व ट्रेनर सीढ़ियों की ओर पहुंचे। आनन-फानन में विक्रम को अस्पताल ले जाने की कोशिश की गई, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। इसी दौरान किसी ने पुलिस को सूचना दी।

अपराधियों की तलाश तेज, टीमें गठित
सूचना मिलते ही पुलिस भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंची। पूरे क्षेत्र को घेर लिया। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए। मॉल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने आसपास के इलाकों में नाकेबंदी भी की है। फरार आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। साथ ही झारखंड पुलिस से भी संपर्क साधा गया है। जिससे विक्रम के आपराधिक नेटवर्क और संभावित दुश्मनों की जानकारी जुटाई जा सके।

रंजिश या आर्थिक लेनदेन से जुड़ा मामला
प्रारंभिक जांच में ये मामला पुरानी रंजिश या आर्थिक लेनदेन से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। यह भी जांच का विषय है कि हमलावरों को विक्रम की दिनचर्या और जिम आने-जाने के समय की इतनी सटीक जानकारी कैसे मिली।

मृतक चला रहा था काशीपुर में स्टोन क्रशर
एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि, विक्रम शर्मा मूल रूप से झारखंड का रहने वाला था। उत्तराखंड के काशीपुर में उसका स्टोन क्रशर का कारोबार था। इसके अलावा भी वह कई अन्य व्यवसायों से जुड़ा हुआ था। चौंकाने वाली बात यह है कि विक्रम पर झारखंड में हत्या, वसूली और अन्य गंभीर धाराओं में 50 से अधिक मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं। ऐसी जानकारी मिल रही है कि उसके कई बड़े गैंगस्टर से भी संबंध रहे हैं। ऐसे में इस वारदात को आपसी रंजिश या गैंगवार के एंगल से भी देखा जा रहा है। बताया जा रहा है कि जून 2025 से विक्रम शर्मा सिल्वर सिटी मॉल के जिम में नियमित रूप से आ रहा था। वो पास के एक फ्लैट में रह रहा था। सवाल ये भी उठ रहा है कि इतने बड़े हिस्ट्रीशीटर की गतिविधियों की जानकारी क्या स्थानीय पुलिस को नहीं थी? यदि थी, तो उसकी सुरक्षा या निगरानी के लिए कोई ठोस कदम क्यों नहीं उठाया गया? यह घटना कानून-व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर रही है। देहरादून में हाल के दिनों में अपराध की घटनाओं में तेजी आई है। पिछले कुछ दिनों में पांच से अधिक गंभीर आपराधिक वारदातें सामने आ चुकी हैं। लगातार हो रही इन घटनाओं ने शहर की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस देहरादून को कभी शांत व सुरक्षित शहर माना जाता था। वहां इस तरह की दिनदहाड़े हत्याएं चिंता का विषय बन गई हैं। सिल्वर सिटी मॉल की यह वारदात न सिर्फ एक आपराधिक घटना है, बल्कि यह सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की सतर्कता पर भी गंभीर सवाल उठाती है। अब देखना होगा कि पुलिस कितनी तेजी से आरोपियों को गिरफ्तार कर इस सनसनीखेज हत्या का खुलासा कर पाती है। फिलहाल शहर में दहशत का माहौल है। लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

दो दिन पहले गैस एजेंसी मालिक का मर्डर हुआ था
देहरादून। गौर हो कि, दो दिन पहले ही गैस एजेंसी संचालक अर्जुन शर्मा की तिब्बती मार्केट के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हालांकि, पुलिस मुठभेड़ के बाद गोली मारने वाले दोनों आरोपियों को पकड़ लिया गया था। पूछताछ में खुलासा हुआ कि अर्जुन की मां ने ही अपने सहयोगियों के साथ 12 लाख रुपए में अर्जुन का मर्डर प्लान किया था। पुलिस ने देर शाम तीनों हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया।

देहरादून जिले में 16 दिन के अंदर हुए 5 हत्याकांड
29 जनवरी 2026 को विकासनगर में 18 साल की छात्रा की हत्या
31 जनवरी 2026 को ऋषिकेश में महिला की गोली मारकर हत्या
2 फरवरी 2026 को देहरादून में युवती की गला रेतकर हत्या
11 फरवरी 2026 को देहरादून में 40 साल के शख्स की गोली मारकर हत्या
13 फरवरी की सुबह देहरादून में जिम से निकल रहे शख्स की गोली मारकर हत्या

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button