उत्तराखंडदेहरादून

उत्तराखण्ड में तीन जनपद को फिर मिली न्यायालय उड़ाने की धमकी

बम होने की सूचना पर हड़कंप मच गया। पुलिस और एलआईयू की टीम कोर्ट परिसर पहुंची और सभी जगह सघन जांच की।

मानव बम से उड़ाने की मिली धमकी
नैनीताल, टिहरी, रुद्रप्रयाग में ई-मेल से मिली थ्रेट
पुलिस ने बम डिस्पोजल-डॉग स्क्वायड ने छाना परिसर
देहरादून सोमवार को उत्तराखंड के कई न्यायालयों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी फिर मंगलवार को रुद्रप्रयाग, नैनीताल व टिहरी कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली। नैनीताल जिला एवं सत्र न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी की पुलिस जांच शुरू भी नहीं हुई थी कि परिसर में बम धमाका करने का धमकी भरा संदेश दोबारा आ गया। इससे जहां हड़कंप मच गया, वहीं बम निरोधक और डॉग स्क्वायड परिसर की जांच में जुट गए। उधर टिहरी गढ़वाल के जिला न्यायालय की आधिकारिक ई-मेल पर भी बम की सूचना मिलने से हड़कंप मच गया। सुरक्षा के मद्देनजर कोर्ट परिसर की पूरी तरह जांच की गई।
नैनीताल जिला एवं सत्र न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी भरे संदेश थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। बीती रोज परिसर में मचे हड़कंप के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू भी नहीं की है कि एक और धमकी भरे संदेश ने फिर खलबली मचा दी है। जिला जज के कार्यालय ईमेल एड्रेस पर सुबह 7ः11 पर प्राप्त संदेश में कोर्ट परिसर में ह्यूमन बम और आरडीएक्स से बने बम पूर्व में ही स्थापित किये जाने और 11ः15 पर इनके फटने की बातें कही गई। ईमेल मिलने के बाद एक बार फिर कोर्ट परिसर में अफरा तफरी का माहौल हो गया। डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ता परिसर के निरीक्षण में जुट गया। इस बार हमले की जिम्मेदारी कथित तौर पर तमिल टाइगर ऑफ ईलम और पाकिस्तान आईएसआई ने ली है।
बता दें कि सोमवार को नैनीताल जिला एवं सत्र न्यायालय के जिला जज के आधिकारिक ईमेल पर धमकी भरा संदेश प्राप्त हुआ था। ईमेल में कोर्ट परिसर को बम से उड़ने की धमकी दी गई थी। धमकी के बाद कोर्ट परिसर में हड़कंप मचा रहा। आधे दिन न्यायिक कार्य बाधित होने के साथ ही भारी पुलिस बल परिसर की निरीक्षण और जांच में जुटा रहा। वहीं पुलिस की ओर से अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
उधर नई टिहरी जिला न्यायालय में भी बम प्लांट करने का धमकी भरा ईमेल मिला। बम होने की सूचना पर हड़कंप मच गया। पुलिस और एलआईयू की टीम कोर्ट परिसर पहुंची और सभी जगह सघन जांच की। जांच में कहीं भी बम नहीं मिला। इससे पुलिस और कोर्ट स्टाफ ने राहत की सांस ली है। अभी भी पुलिस जांच में जुटी हुई है।
जनपद रुद्रप्रयाग के जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर में भी उस समय हड़कंप मच गया, जब न्यायालय की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर एक अज्ञात स्रोत से धमकी भरा संदेश प्राप्त हुआ। सूचना जनपद न्यायाधीश के माध्यम से पुलिस तक पहुंची, मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन तत्काल हरकत में आ गया और पूरे न्यायालय परिसर में सघन चेकिंग अभियान चलाते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए।

इन कथित आतंकी संगठनों ने ली है जिम्मेदारी
इधर मामले की जांच शुरू भी नहीं हुई थी कि मंगलवार सुबह 7ः11 पर ईमेल पर एक और संदेश ने फिर खलबली मचा दी। दूसरे संदेश में कहा गया है कि जज चौंबर में आज सुबह 11ः15 बजे फटने के लिए पांच आरडीएक्स बम लगाए गए हैं, तुरंत अदालत खाली कर दें। संदेश में बम विस्फोट किस प्रकार होंगे यह भी जानकारी दी गई है। साथ ही जिम्मेदारी लेते हुए सबसे नीचे तमिल टाइगर्स ऑफ ईलम और पाकिस्तान आईएसआई लिखा गया है।

पुलिस ने जांच में नहीं मिला बम
संदेश मिलने के बाद ही कोर्ट परिसर में खलबली मच गई। सूचना के बाद डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ता कोर्ट परिसर पहुंचे। जज और अधिवक्ता चौंबर्स के साथ ही पार्किंग और अन्य सार्वजनिक स्थलों की गहन जांच की गई है। परिसर में पुलिस सुरक्षा बढ़ा दी गई है। एसपी जगदीश चंद्र ने बताया कि फिलहाल जांच में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।

बम निरोधक दस्ते ने चलाया सर्च ऑपरेशन
धमकी भरे ई-मेल को गंभीरता से लेते हुए बम निरोधक दस्ते द्वारा पूरे न्यायालय परिसर का तकनीकी निरीक्षण एवं गहन सर्च ऑपरेशन चलाया गया। संदिग्ध वस्तुओं की तलाश की गई और सुरक्षा उपकरणों से प्रत्येक कक्ष की जांच की गई। फिलहाल किसी प्रकार की विस्फोटक सामग्री मिलने की सूचना नहीं है।

एसपी के निर्देश पर जिले के सभी न्यायालय परिसरों में पुलिस एवं इंटेलिजेंस की टीमें अलर्ट मोड पर तैनात कर दी गई हैं। प्रवेश द्वारों पर प्रभावी चेकिंग एवं फ्रिस्किंग (तलाशी) की जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके। एसपी निहारिका तोमर ने बताया कि धमकी भरे ई-मेल की गहन जांच की जा रही है। ई-मेल भेजने वाले अज्ञात आरोपी के विरुद्ध कोतवाली रुद्रप्रयाग में संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया जा रहा है। ऐसे असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। रुद्रप्रयाग पुलिस निर्धारित एसओपी के तहत पूरी सतर्कता और सक्रियता से कार्य कर रही है। आमजन से अपील की गई है कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें।

-निहारिका तोमर, एसपी, रुद्रप्रयाग-

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button