उत्तराखंडदेहरादून

छात्राओं की हुंकार का हुआ असर, मिले अतिथि प्रवक्ता

संबंधित अभ्यर्थियों को आदेश जारी होने की तिथि से एक सप्ताह के भीतर आवंटित विद्यालयों में कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।

राजकीय बालिका इंटर कॉलेज बेतालघाट को मिले अतिथि शिक्षक
एक सप्ताह में कार्यभार ग्रहण के निर्देश

नैनीताल। शिक्षक दिवस से ठीक पहले राजकीय बालिका इंटर कॉलेज बेतालघाट में शिक्षकों की कमी के विरोध में छात्राओं की हुंकार के बाद शिक्षा विभाग में हरकत देखने को। स्कूल परिसर में सिस्टम के खिलाफ की गई जबर्दस्त नारेबाजी के बाद मचे हड़कंप को देखते हुए शिक्षक दिवस पर चार अतिथि प्रवक्ताओं की नियुक्ति कर दी गयी। जिले में अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति को लेकर मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय ने महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है। आदेश के अनुसार राजनीति विज्ञान में मन्नू सुनारी, अंग्रेजी में सपना गोस्वामी, अर्थशास्त्र में रेखा पाण्डेय और हिन्दी में मुन्नी देवी को रामगढ़ ब्लॉक के संबंधित विद्यालयों में अतिथि प्रवक्ता के रूप में तैनाती दी गई है।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुपालन में नैनीताल जिले के चार अतिथि प्रवक्ताओं की सेवाएं संबंधित विद्यालयों में नियमित नियुक्ति होने के बाद समाप्त मानी जाएंगी। मुख्य शिक्षा अधिकारी आर एस नेगी की ओर से 5 सितंबर 2026 को जारी आदेश में बताया गया कि सुप्रीम कोर्ट में दायर विशेष अनुमति याचिका संख्या 284-286/2020 तथा संबंधित शासनादेशों के अनुपालन में पूर्व में अतिथि शिक्षक के रूप में नियुक्त अभ्यर्थियों को वर्तमान में वार्षिक स्थानांतरण प्रक्रिया के कारण प्रभावित किया गया है। ऐसे अतिथि शिक्षकों को विद्यालयों में प्रवक्ता के रिक्त पद के सापेक्ष नितांत अस्थायी रूप से तैनात किया गया है।
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह व्यवस्था नियमित नियुक्ति होने तक ही प्रभावी रहेगी। नियमित नियुक्ति (सीधी भर्ती, पदोन्नति या स्थानांतरण) होने के साथ ही अतिथि शिक्षकों की व्यवस्था स्वतः समाप्त हो जाएगी। सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के अनुपालन में नियुक्त किए जा रहे अतिथि शिक्षकों को भविष्य में किसी अन्य प्रकार के लाभ की मांग का अधिकार नहीं होगा।
इन अतिथि प्रवक्ताओं को शिक्षण कार्य के लिए प्रतिमाह 25 हजार रुपये मानदेय दिए जाने का उल्लेख भी आदेश में है। संबंधित अभ्यर्थियों को आदेश जारी होने की तिथि से एक सप्ताह के भीतर आवंटित विद्यालयों में कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसा नहीं करने पर उनका अभ्यर्थन स्वतः निरस्त माना जाएगा। मुख्य शिक्षा अधिकारी ने संबंधित प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए हैं कि अभ्यर्थियों की शैक्षिक एवं प्रशिक्षण अर्हताओं का भली-भांति मिलान करने के बाद ही उन्हें कार्यभार ग्रहण कराया जाए। साथ ही निर्धारित समय सीमा में कार्यभार ग्रहण सुनिश्चित करने को कहा गया है।
गौरतलब है कि राजकीय बालिका इंटर कॉलेज बेतालघाट में शिक्षकों के कई पद लंबे समय से रिक्त होने के विरोध में छात्राओं ने मोर्चा खोल दिया था। छात्राओं ने प्रदर्शन कर विद्यालय में रिक्त पदों पर जल्द शिक्षकों की नियुक्ति किए जाने की मांग उठाई। छात्राओं के इस प्रदर्शन का वीडियो वॉयरल होते ही शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। प्रदर्शन कर रही छात्राओं ने विद्यालय में रिक्त सभी पदों पर शीघ्र नियुक्ति करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द शिक्षकों की तैनाती नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
छात्राओं ने कहा कि शिक्षकों की कमी का सीधा असर उनकी पढ़ाई और परीक्षा की तैयारियों पर पड़ रहा है। ऐसे में शासन-प्रशासन को मामले का संज्ञान लेते हुए जल्द आवश्यक कार्रवाई करनी चाहिए। इधऱ, शिक्षक दिवस 5 सितंबर के दिन अतिथि प्रवक्ताओं की नियुक्ति आदेश होने के बाद बेतालघाट इंटर कालेज की छात्र-छात्राओं ने राहत की सांस ली है। लेकिन प्रदेश के हजारों स्कूलों में शिक्षक-छात्र की कमी व ढांचागत सुविधाओं का अभाव लगातार बना हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button