उत्तराखंडदेहरादून

क्रिकेटर व राज्य सभा सांसद हरभजन सिंह ने सीएम धामी से की मुलाकात

इस अवसर पर मुख्यमंत्री और हरभजन सिंह के बीच विभिन्न समसामयिक विषयों पर भी चर्चा हुई।

देहरादून। पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह  गुरुवार को देहरादून पहुंचे। टर्बनेटर के नाम से प्रसिद्ध क्रिकेटर ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। ये शिष्टाचार भेंट देहरादून में मुख्यमंत्री आवास पर हुई। हरभजन सिंह अभी राज्यसभा सांसद हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरभजन सिंह का स्वागत करते हुए भारतीय क्रिकेट में उनके उल्लेखनीय योगदान, खेल के प्रति समर्पण और शानदार उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि अपनी बेहतरीन स्पिन गेंदबाजी से विश्व क्रिकेट में विशिष्ट पहचान बनाने वाले हरभजन सिंह का खेल जीवन युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री और हरभजन सिंह के बीच विभिन्न समसामयिक विषयों पर भी चर्चा हुई।
हरभजन सिंह ने भी सीएम धामी के साथ हुई मुलाकात पर कहा कि आज उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से उनके आवास पर मुलाकात करने का अवसर मिला। इस दौरान उत्तराखंड में खेलों की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने, प्रदेश के खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने, उन्हें बेहतर अवसर एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने और राज्य में खेल इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास को लेकर सार्थक चर्चा हुई। मुख्यमंत्री से मिलकर और खेलों के भविष्य को लेकर अपने विचार साझा करके बेहद अच्छा लगा।
पूर्व क्रिकेटर और राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी में हैं। उन्होंने मार्च 2022 में आम आदमी पार्टी के टिकट पर पंजाब से राज्यसभा की सदस्यता ग्रहण की थी। 24 अप्रैल 2026 को उन्होंने आम आदमी पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ले ली थी। उन्होंने आप छोड़ने का कारण पंजाब में खेल को बढ़ावा देने और नशे की समस्या पर अपनी बात अनसुनी किए जाने को बताया था।
हरभजन सिंह का जन्म 3 जुलाई 1980 को पंजाब के जालंधर में हुआ था। उन्होंने 1995-96 में पंजाब की अंडर-16 क्रिकेट टीम से अपने नेशनल करियर की शुरुआत की थी। 1997-98 सीजन में उन्होंने रणजी ट्रॉफी में पदार्पण किया था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button