उत्तराखंडदेश

बच्छणस्यूं और तल्लानागपुर में मंत्री भरत चौधरी का जनसंवाद, बड़ी संख्या में लोगों ने थामा भाजपा का दामन

मंत्री भरत सिंह चौधरी ने पार्टी में शामिल होने वाले सभी नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि भाजपा परिवार में शामिल होने वाले प्रत्येक व्यक्ति का सम्मान किया जाएगा।

विकास योजनाओं की समीक्षा के साथ स्थानीय समस्याओं और जनअपेक्षाओं पर हुई चर्चा
2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत बनाने पर दिया जोर

रुद्रप्रयाग। प्रदेश के ग्राम्य विकास एवं सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री भरत सिंह चौधरी ने बच्छणस्यूं एवं तल्लानागपुर क्षेत्र का भ्रमण कर ग्राम प्रधानों, उपप्रधानों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों, महिला मंगल दलों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों के साथ जनसंवाद किया। इस दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति, जनहित से जुड़े मुद्दों और स्थानीय समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। मंत्री चौधरी ने जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों से क्षेत्र की आवश्यकताओं और उनकी अपेक्षाओं की जानकारी लेते हुए समस्याओं के समाधान तथा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास को गति देने के लिए आवश्यक कदम उठाने पर विचार-विमर्श किया।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में विश्वास जताते हुए बड़ी संख्या में लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। मंत्री भरत सिंह चौधरी ने पार्टी में शामिल होने वाले सभी नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि भाजपा परिवार में शामिल होने वाले प्रत्येक व्यक्ति का सम्मान किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में केंद्र एवं प्रदेश सरकार जनकल्याण और विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सभी जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं की सामूहिक जिम्मेदारी है।
बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर भी चर्चा हुई। इस दौरान संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और जनसंपर्क अभियान को अधिक प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत, भाजपा जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट, जिला पंचायत सदस्य गंभीर सिंह बिष्ट, मंडल अध्यक्ष शशि सिंह नेगी, सुमन बुटोला सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button