उत्तराखंड
चंद्रशेखर सीनियर सेकेंडरी स्कूल में धूमधाम से मनाया गया श्रीकृष्ण जन्मोत्सव
बच्चों ने श्रीकृष्ण के जीवन एवं उनके संदेशों पर आधारित गीत, नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

मटकी फोड़ प्रतियोगिता रही आकर्षण का केंद्र
रुड़की। चंद्रशेखर सीनियर सेकेंडरी स्कूल में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के पावन अवसर पर हर्षाेल्लास एवं श्रद्धा के साथ विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, परंपराओं एवं भगवान श्रीकृष्ण के जीवन मूल्यों से परिचित कराना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्रीकृष्ण की मनमोहक झाँकी एवं पूजा-अर्चना से हुई। नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने राधा-कृष्ण की वेशभूषा में सभी का मन मोह लिया। बच्चों ने श्रीकृष्ण के जीवन एवं उनके संदेशों पर आधारित गीत, नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण मटकी फोड़ प्रतियोगिता रही। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए मानव पिरामिड बनाकर ऊँचाई पर लटकी मटकी फोड़ने का प्रयास किया। मटकी फूटते ही पूरा विद्यालय परिसर “जय श्री कृष्ण” के जयकारों से गूँज उठा। विद्यार्थियों और शिक्षकों ने इस कार्यक्रम का भरपूर आनंद लिया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या ने सभी विद्यार्थियों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि श्रीकृष्ण का जीवन हमें सत्य, कर्म, प्रेम, मित्रता और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने विद्यार्थियों से भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में प्रबंधक अभिषेक चंद्रा, प्रधानाचार्या पूनम चंद्रा ने सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएँ दीस संपूर्ण आयोजन आनंद, उमंग और भक्ति के वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।



