उत्तराखंडदेश

 दिन दहाड़े गुलदार ने किया महिला पर हमला,पूरे इलाके में दहशत

गुलदार के हमले में घायल महिला की पहचान बबीता वर्मा के रूप में हुई है। उन्हें तुरंत नजदीकी चिकित्सालय ले जाया गया, महिला की हालत  खतरे से बाहर बताई जा रही है।

अल्मोड़ा। अल्मोड़ा नगर के दुगालखोला रिहायशी क्षेत्र में दिनदहाड़े आंगन में काम कर रही महिला पर घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक हमला कर दिया। महिला और आसपास के लोगों के शोर मचाने पर गुलदार वहां से भाग निकला। गुलदार के हमले में घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल मेें भर्ती कराया गया है।
वहीं भागते हुए गुलदार का वीडियो क्षेत्र के एक युवक ने अपने मोबाइल फोन में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। गनीमत यह रही कि भागते समय गुलदार के रास्ते में कोई और नहीं आया, वरना कोई बड़ा हादसा हो सकता था। दिन के उजाले में आबादी के बीच गुलदार की मौजूदगी से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। महिलाएं और बच्चे घरों से बाहर निकलने में डर रहे हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने इसकी वन विभाग के अधिकारियों को दी।
हवालबाग रेंज के रेंजर मोहन राम आर्या ने बताया कि सूचना मिलते ही वन कर्मियों द्वारा पूरे क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है।  उसे पकड़ने के लिए संवेदनशील स्थान पर पिंजरा भी लगाया गया है। उन्होंने कहा कि वन विभाग की टीम लगातार गुलदार की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है। गुलदार के हमले में घायल महिला की पहचान बबीता वर्मा के रूप में हुई है। उन्हें तुरंत नजदीकी चिकित्सालय ले जाया गया, महिला की हालत  खतरे से बाहर बताई जा रही है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि यह कोई पहला मामला नहीं है। करीब तीन सप्ताह पहले भी इसी क्षेत्र में एक घर के आंगन में तीन गुलदारों के बेखौफ घूमने का वीडियो सामने आया था। ग्रामीणों ने वन विभाग से जल्द गुलदार के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है.

पांच कंपनियों के दूध के नमूने फेल
नैनीताल। जिले के हल्द्वानी में खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच में पांच कंपनियों के दूध के नमूने निर्धारित मानकों पर खरे नहीं उतरे हैं। जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देश पर विभाग ने अलग-अलग कंपनियों के दूध के नमूने लेकर जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला रुद्रपुर भेजे थे। जांच रिपोर्ट में पांचों नमूनों में मिल्क फैट और सॉलिड नॉट फैट यानी एसएनएफ निर्धारित मानकों से कम पाया गया। विभाग ने इन्हें सबस्टैंडर्ड (अवमानक) घोषित किया है।
खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से चलाए जा रहे अभियान में दूध के नमूनों की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने 5 अगस्त 2026 को हल्द्वानी नगर निगम क्षेत्र में विभिन्न कंपनियों के वितरकों से दूध के नमूने एकत्र किए थे। इन नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला रुद्रपुर भेजा गया। प्रयोगशाला से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार पांच अलग-अलग दूध के नमूने निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए।
इनमें परम स्टैंडर्ड मिल्क का मिल्क फैट निर्धारित न्यूनतम 4.5 प्रतिशत के मुकाबले 3.75 प्रतिशत पाया गया। इसी तरह मधुसूदन काऊ मिल्क में मिल्क फैट 3.11 प्रतिशत और एसएनएफ 8 प्रतिशत पाया गया, जबकि निर्धारित मानक क्रमशः 3.2 और 8.3 प्रतिशत हैं। हेल्थवेज स्टैंडर्ड मिल्क में भी मिल्क फैट 4.27 प्रतिशत और एसएनएफ 7.21 प्रतिशत मिला, जबकि मानक 4.5 प्रतिशत फैट और 8.5 प्रतिशत एसएनएफ है। गाय एवं भैंस के खुले मिक्स दूध के नमूने में मिल्क फैट महज 2.96 प्रतिशत और एसएनएफ 6.59 प्रतिशत पाया गया। वहीं मदर डेयरी काऊ मिल्क में मिल्क फैट 3.04 प्रतिशत मिला, जबकि निर्धारित न्यूनतम मानक 3.2 प्रतिशत है। हालांकि प्रयोगशाला जांच में इन नमूनों में स्टार्च, यूरिया, नमक, न्यूट्रलाइजर, शुगर और कृत्रिम सिंथेटिक रंग की मिलावट की जांच निगेटिव पाई गई है। इसके बावजूद दूध में निर्धारित मानकों से कम मिल्क फैट और अथवा एसएनएफ पाए जाने के कारण संबंधित नमूनों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत सबस्टैंडर्ड यानी अधोमानक घोषित किया गया है।

पुलिस स्टेशन से 100 मीटर की दूरी पर स्थित बेणीरामेश्वर शिव मंदिर में चोरी
हल्द्वानी। शनिवार  रात मंगल पड़ाव चैकी से महज 100 मीटर दूर स्थित प्राचीन बेणीरामेश्वर शिव मंदिर में चोरों ने धावा बोलकर मंदिर की तिजोरी, दो अलमारियों और एक दरवाजे का ताला तोड़ दिया। जिसके बाद चोर मौके से तिजोरी और अलमारी में रखी करीब पांच हजार रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए। पुलिस चोरों की तलाश कर रही है।
मंदिर से जुड़े हेमचंद्र उप्रेती ने बताया कि चोरों ने तिजोरी का ताला तोड़ा। इसमें करीब तीन से चार हजार रुपये रखे थे। इसके बाद दो अलमारियों के ताले तोड़े गए। इनमें करीब एक से डेढ़ हजार रुपये रखे थे। चोर नकदी लेकर फरार हो गए।रविवार सुबह मंदिर पहुंचने पर घटना का पता चला। सूचना पर पुलिस करीब छह बजे मौके पर पहुंची। मंदिर प्रबंधन की ओर से पुलिस को लिखित शिकायत दी गई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। मंगल पड़ाव क्षेत्र में चोरी की घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है।लोगों का कहना है कि क्षेत्र में चोरों का दुस्साहस बढ़ रहा है। चोरों में पुलिस का खौफ खत्म होता जा रहा है। रात के समय चोरी की घटनाएं होने के बावजूद प्रभावी गश्त नहीं हो रही है। लोगों ने पुलिस से क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरियों पर अंकुश लगाने की मांग की है। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

खाई में गिरी श्रद्धालुओं की कार,रेस्क्यू जारी
पौड़ी। शनिवार देर शाम केदारनाथ धाम के दर्शन कर वापस लौट रहे राजस्थान के श्रद्धालुओं की कार तोताघाटी के पास अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के वक्त कार में एक श्रद्धालु मौजूद था। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और देर रात तक खाई में गिरे व्यक्ति का रेस्क्यू अभियान जारी रहा। उसकी तलाश में रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है।
कोतवाल प्रशांत बहुगुणा ने बताया कि राजस्थान के भीलवाड़ा जिले से चार लोग केदारनाथ यात्रा पर आए थे। शनिवार देर शाम जब वे यात्रा से वापस लौट रहे थे, तभी तोताघाटी के समीप चालक पंकज कुमार, लखन शाह और ईश्वर तेली शौच के लिए कार से बाहर उतरे। इसी दौरान सड़क पर खड़ी वैगनआर कार अचानक अनियंत्रित होकर पीछे की ओर ढलान पर फिसलने लगी। साथी श्रद्धालुओं के दौड़कर कार पकड़ने से पहले ही वाहन तेजी से गहरी खाई में जा समाया।
हादसे के समय कार स्वामी देवीलाल (46 वर्ष) निवासी सुभाष नगर, भीलवाड़ा कार के भीतर ही बैठे हुए थे। कार को खाई में गिरता देख साथियों में हड़कंप मच गया और उन्होंने तत्काल 112 नंबर पर पुलिस को दुर्घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस चैकी बचेली खाल से पुलिस बल आपदा राहत उपकरणों के साथ मौके पर पहुंच गये थे। पुलिस और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम तोताघाटी की गहरी खाई में उतरकर कार सवार देवीलाल की तलाश और रेस्क्यू में जुटी हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button