उत्तराखंडदेहरादून

अपने जन्मदिन पर पुष्कर सिंह धामी ने युवाओं से मांगे तीन संकल्प

युवाओं को केवल नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि उद्यमिता के जरिए रोजगार देने वाला भी बनना चाहिए।

युवाओं से लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत करने, नशे से दूर रहने और अपनी सफलता का कुछ अंश उत्तराखंड के विकास में लगाने के लिए किया आह्वान
सीएम ने कार्यक्रम स्थल पर लगाई गई फोटो प्रदर्शनी का किया अवलोकन
युवाओं को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप आधुनिक कौशल से जोड़ना आवश्यक

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को अपने जन्मदिवस पर रेंजर्स ग्राउंड में आयोजित ‘युवा संकल्प दिवस’ कार्यक्रम में युवाओं से लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत करने, नशे से दूर रहने और अपनी सफलता का कुछ अंश उत्तराखंड के विकास में लगाने के तीन संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर लगाई गई फोटो प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। मुख्यमंत्री का जन्म 16 सितम्बर 1975 को हुआ था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में आज की युवा पीढ़ी की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उस समय देश स्वतंत्रता के सौ वर्ष पूरे कर रहा होगा और वर्तमान युवा पीढ़ी विभिन्न क्षेत्रों में नेतृत्व की भूमिका में होगी। विकसित भारत के साथ विकसित उत्तराखंड के लक्ष्य के लिए युवाओं की प्रतिभा, परिश्रम और नवाचार का उपयोग जरूरी है।
धामी ने कहा कि सरकार शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार, स्वरोजगार, स्टार्टअप और खेल के क्षेत्र में युवाओं के लिए अवसर बढ़ाने का प्रयास कर रही है। लक्ष्य यह है कि रोजगार के अभाव में युवाओं को मजबूरी में अपना गांव और प्रदेश न छोड़ना पड़े। युवाओं को केवल नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि उद्यमिता के जरिए रोजगार देने वाला भी बनना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता, रोबोटिक्स, स्वचालन और डिजिटल तकनीक रोजगार तथा उद्योगों का स्वरूप तेजी से बदल रही हैं। इसलिए युवाओं को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप आधुनिक कौशल से जोड़ना आवश्यक है। पर्यटन, होमस्टे और स्थानीय उत्पादों के माध्यम से स्वरोजगार बढ़ाने के साथ चमोली, पौड़ी और अल्मोड़ा जिलों में विशेष औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने का निर्णय भी लिया गया है।
उन्होंने राज्य युवा आयोग के गठन का उल्लेख करते हुए कहा कि इसका उद्देश्य युवाओं की आकांक्षाओं और उनकी भागीदारी को नीति निर्माण से जोड़ना है। आयोग कौशल विकास, रोजगार, उद्यमिता और नवाचार के साथ डिजिटल सशक्तीकरण तथा नशे और साइबर अपराध के प्रति जागरूकता के क्षेत्र में भी काम करेगा।
मुख्यमंत्री ने भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता के लिए लागू नकल विरोधी कानून का उल्लेख करते हुए कहा कि किसी युवा की मेहनत और उसके भविष्य के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए। उन्होंने 38वें राष्ट्रीय खेलों के आयोजन का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार खेल सुविधाओं के विस्तार और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने पर काम कर रही है।
धामी ने युवाओं को सोशल मीडिया पर मिलने वाली अधूरी या भ्रामक सूचनाओं को तथ्यों की कसौटी पर परखने और मोबाइल तथा डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल ज्ञान और कौशल बढ़ाने के लिए करने की सलाह दी।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से तीन संकल्प लेने को कहाकृजीवन में बड़ा लक्ष्य तय कर उसके लिए पूरी मेहनत करना, स्वयं नशे से दूर रहते हुए साथियों को भी इससे बचाना और जिस क्षेत्र में सफलता मिले, अपने ज्ञान, अनुभव तथा सामर्थ्य का कुछ हिस्सा उत्तराखंड के विकास में लगाना। उन्होंने कहा कि युवा किसी भी पेशे में जाएं, जिम्मेदार नागरिक बनने को प्राथमिकता दें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button