उत्तराखंड

केंद्र पोषित योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाएं अधिकारीः अनिल बलूनी

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होने से आवागमन सुगम होगा और विकास को गति मिलेगी।

दिशा की बैठक में पीएमजीएसवाई, पीएम आवास, जल जीवन मिशन, एनएचएम समेत विभिन्न योजनाओं की समीक्षा
पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध पहुंचाएं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ, लंबित पेंशन प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश्
रुद्रप्रयाग। गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला कार्यालय सभागार में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित हुई। बैठक में सांसद ने केंद्र पोषित योजनाओं और विकास कार्यों की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को योजनाओं का प्रभावी, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पीएमजीएसवाई के तहत संचालित सड़क निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान सांसद ने वन विभाग और पीएमजीएसवाई के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने को कहा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होने से आवागमन सुगम होगा और विकास को गति मिलेगी।
बैठक में पीएमजीएसवाई, विकसित भारत जी-राम-जी योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण एवं शहरी, जल जीवन मिशन, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, कृषि, पूर्ति, खेल, श्रम और पशुपालन विभाग से संबंधित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
सांसद ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र एवं जरूरतमंद लोगों तक निर्धारित समय में पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करना चाहिए।
समाज कल्याण विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने लंबित पेंशन प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने तथा दिव्यांग पेंशन से जुड़े मामलों में विशेष सक्रियता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ मिलने में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए।
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने सांसद को जनपद में संचालित विभिन्न विकास कार्यों एवं केंद्र पोषित योजनाओं की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने विभागवार योजनाओं की वर्तमान स्थिति और क्रियान्वयन की जानकारी भी साझा की।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत, ब्लॉक प्रमुख ऊखीमठ पंकज शुक्ला, नगर पालिका अध्यक्ष रुद्रप्रयाग संतोष रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट, पूर्व जिलाध्यक्ष महावीर पंवार, पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button