उत्तराखंडदेहरादून

आगामी विधानसभा चुनाव के लिए उत्तराखंड क्रांतिदल ने  किए प्रत्याशी घोषित

इसके साथ ही सैनिक प्रकोष्ठ, महिलाओं और राज्य आंदोलनकारियों को भी प्रतिनिधित्व देने का प्रयास किया गया है।

देहरादून। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में उत्तराखंड क्रांति दल ने  शनिवार को देहरादून में आयोजित प्रेसवार्ता में पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र कुकरेती ने फाइव-लेयर सिस्टम के तहत प्रत्याशियों की पहली सूची जारी की। इस सूची में प्रदेश की 16 विधानसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों के नाम घोषित किए गए हैं. पार्टी का कहना है कि प्रत्याशियों के चयन में संगठन के प्रति निष्ठा, समर्पण, जनसरोकार और उत्तराखंड के हितों के  लिए किए गए संघर्षों को प्राथमिकता दी गई है। पार्टी ने यह भी स्पष्ट किया कि आने वाले समय में दूसरी सूची जारी की जाएगी।
यूकेडी की ओर से जारी सूची के अनुसार पिथौरागढ़ से काशी सिंह ऐरी, धारचूला से पुष्पेश त्रिपाठी, देवप्रयाग से पूरन सिंह कठैत, प्रतापनगर से प्रकाश राणा, कर्णप्रयाग से आशीष नेगी और जागेश्वर से दिनेश कुंजवाल को प्रत्याशी बनाया गया है। इसके अलावा राजपुर सीट से देव चंद उत्तराखंडी, सल्ट से प्रताप सिंह, टिहरी से डीडी पंत, कपकोट से करण चंदोला, काशीपुर से प्रदीप चंद, नानकमत्ता से कैलाश सिंह पांगती, रामनगर से भुवन चंद्र, देहरादून कैंट से राजेंद्र सिंह नेगी, खानपुर से रितु कंडियाल भूयाल और घनसाली से चंदन सिंह राणा को चुनाव मैदान में उतारा गया है।
प्रत्याशियों की घोषणा के साथ ही यूकेडी नेताओं ने आगामी चुनाव के लिए पार्टी की राजनीतिक दिशा और मुद्दों को भी सामने रखा। आशीष ने भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राज्य गठन के इतने साल बाद भी पहाड़ों में बुनियादी सुविधाओं की स्थिति नहीं सुधरी है। आज भी अस्पतालों में डॉक्टर नहीं हैं। महिलाओं को लगातार प्रताड़ना और परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
यूकेडी नेता आशीष नेगी ने कहा उत्तराखंड के विकास के लिए केवल एक-दो मुद्दों पर बात करने से काम नहीं चलेगा, बल्कि राज्य के लिए व्यापक योजना की जरूरत है। इसके लिए सबसे पहले 1992 के ब्लूप्रिंट को फिर से देखने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि इस ब्लूप्रिंट में उत्तराखंड के लिए 23 जिले, 150 से 200 ब्लॉक, करीब 104 विधानसभा क्षेत्र और चार कमिश्नरियों की परिकल्पना की गई थी। इनमें हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, पिथौरागढ़ और गढ़वाल को शामिल करने की बात कही गई है। उनके अनुसार प्रशासनिक इकाइयां छोटी होंगी तो सरकार की नीतियां गांवों तक आसानी से पहुंच सकेंगी। स्थानीय समस्याओं का समाधान भी बेहतर तरीके से हो सकेगा। प्रत्याशियों के चयन को लेकर आशीष नेगी ने कहा कि पहली सूची में कुल 16 उम्मीदवारों को स्थान दिया गया है। इनमें चार टिकट युवाओं और युवा प्रकोष्ठ के कार्यकर्ताओं को दिए गए हैं। इसके साथ ही सैनिक प्रकोष्ठ, महिलाओं और राज्य आंदोलनकारियों को भी प्रतिनिधित्व देने का प्रयास किया गया है। पार्टी ने बुजुर्गों के अनुभव और युवाओं की ऊर्जा को साथ लेकर आगे बढ़ने की रणनीति बनाई है। काशी सिंह ऐरी और पुष्पेश त्रिपाठी जैसे वरिष्ठ नेताओं को भी सूची में शामिल किया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button