
हरिद्वार। रुड़की में सोमवार देर रात देर रात श्रीराम फाइनेंस कंपनी के कार्यालय में अचानक आग लग गई। आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल हो गया था। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया था।
आग की लपेट देख मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। इसी बीच किसी शख्स में दमकल विभाग को आग लगने की जानकारी दी। सूचना पर मौके पर पहुंची दमकल कर्मियों की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद रात की सांस ली गई, गनीमत रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।जानकारी के मुताबिक फायर स्टेशन रुड़की को यानी मोबाइल डाटा टर्मिनल के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि गंगनहर कोतवाली थाना क्षेत्र के मालवीय चैक के पास स्थित श्रीराम फाइनेंस कंपनी के कार्यालय में भीषण आग लगी हुई है। कार्यालय से काफी मात्रा में घना धुआं निकल रहा है। आग लगने की वजह शार्ट सर्किट माना जा रहा है।
इस सूचना पर तत्काल दमकल कर्मियों की टीम टर्नआउट मिनी प्रेशर वैन के साथ घटनास्थल पर पहुंची। मौके पर टीम ने देखा कि प्रथम तल स्थित कार्यालय में भीषण आग और घना धुआं निकल रहा है। इसके बाद अग्निशमन दल द्वारा तत्काल होज रील के माध्यम से आग बुझाने की कार्रवाई शुरू की गई।
वहीं, आग की लपटे देखते हुए दमकल कर्मियों ने अतिरिक्त अग्निशमन वाहन फायर टेंडर की मांग की, जिसके बाद अन्य फायर टेंडर घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद द्वारा पम्पिंग कर एक होज लाइन बिछाई गई, जिसके माध्यम से प्रथम तल स्थित कार्यालय में लगी आग पर लगातार पानी डालकर उसे काबू किया गया।
साथ ही दमकल कर्मियों द्वारा आग को अन्य हिस्सों में फैलने से रोकने के लिए जले हुए सामान को उलट-पलट कर जांच की गई और अंदर छिपी हुई चिंगारियों व सुलगते हुए पदार्थों को पानी डालकर बुझाया गया। इस दौरान बिल्डिंग की दूसरी मंजिल पर भी काफी मात्रा में धुआं पाया गया, लेकिन वहां पर आग नहीं लगी थी।
अग्निशमन विभाग की तत्काल और प्रभावी कार्रवाई से न सिर्फ आग पर काबू पाया गया, बल्कि उसे अन्य हिस्सों में फैलने से रोका गया। दमकल विभाग के फायरमैन अतर सिंह राणा ने बताया कि उनकी टीम को बिल्डिंग में आग लगने की सूचना मिली थी। उन्होंने तत्काल मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है. अभी नुकसान का आकलन लगाया जा रहा है. आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।



