उत्तराखंडदेहरादून

राज्य स्थापना दिवस पर राज्य आंदोलनकारियों को किया सम्मानित,की कई घोषणाएं

उन्होंने चारधाम सड़क परियोजना से लेकर समान नागरिक संहिता (यूसीसी) तक प्रदेश में किए गए कार्यों की सराहना की।

चमोली। सोमवार को राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सोमवार को भराड़ीसैंण पहुंचे। यहां विधानसभा भवन परिसर में आयोजित समारोह में उन्होंने राज्य आंदोलनकारियों का सम्मान किया और परेड की सलामी लेने के साथ उसका निरीक्षण भी किया। समारोह में आईटीबीपी, पुलिस, पीएसी और एनसीसी की टुकड़ियों ने मार्चपास्ट किया।
अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश में जल्द ही युवा आयोग का गठन किया जाएगा। इसके अलावा आंगनबाड़ी, आशा, भोजनमातआ का मानदेय एक दिसंबर 2026 से और अतिथि शिक्षकों का मानदेय भी बढ़ेगा।उन्होंने कहा कि अब पहाड़ का पानी और जवानी दोनों प्रदेश के विकास के काम आ रहे हैं। राज्य की महिलाएं भी आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं। प्रदेश में साढ़े तीन लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। मुख्यमंत्री ने महिला सुरक्षा के मुद्दे पर भी अपनी बात रखी और विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा को लेकर विपक्ष का रवैया सवालों के घेरे में है।सीएम धामी ने उत्तराखंड के डीएनए में हार नहीं है। राज्य ने बीते वर्षों में अनेक चुनौतियों का सामना करते हुए विकास की नई ऊंचाइयां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की एक दशक की विकास यात्रा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मार्गदर्शन मिल रहा है। प्रदेश में राष्ट्रीय परियोजनाएं आगे बढ़ रही हैं। रेल कनेक्टिविटी के विस्तार का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि रेल लाइन का 85 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। हवाई और रोपवे कनेक्टिविटी भी बढ़ाई जा रही है।मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में नए मेडिकल कॉलेज बनाए गए हैं और स्वास्थ्य सुविधाओं को विकसित किया जा रहा है। इससे पहले मुख्यमंत्री ने देहरादून के कचहरी परिसर स्थित शहीद स्थल पहुंचकर राज्य आंदोलन के अमर बलिदानियों को पुष्पांजलि अर्पित की और उनके संघर्ष एवं बलिदान को नमन किया।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजकर राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि 21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक है। उन्होंने चारधाम सड़क परियोजना से लेकर समान नागरिक संहिता (यूसीसी) तक प्रदेश में किए गए कार्यों की सराहना की।
प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड की आध्यात्मिक विरासत, प्राकृतिक सौंदर्य और सांस्कृतिक पहचान का उल्लेख करते हुए कहा कि मेहनती और प्रतिभाशाली लोगों की भागीदारी से प्रदेश विकास के हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल कर रहा है। मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री के संदेश पर आभार जताते हुए कहा कि देवभूमि के प्रति उनका विशेष लगाव विचारों, संकल्पों और निरंतर प्रयासों में भी दिखाई देता है।

राष्ट्रपति और गृह मंत्री ने दीं उत्तराखण्ड स्थापना दिवस की शुभकामनाएं
देहरादून। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राज्य स्थापना दिवस पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, आध्यात्मिक परंपराओं और अद्वितीय प्राकृतिक सुंदरता ने उसे विशिष्ट पहचान दी है। प्रदेश के लोगों ने राष्ट्रीय सेवा, वीरता और पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि उत्तराखंड के लोग पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के बीच संतुलन बनाते हुए प्रगति के पथ पर आगे बढ़ेंगे।
वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपने संदेश में उत्तराखंड को देश का सांस्कृतिक हृदय बताया। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक सौंदर्य, समृद्ध आध्यात्मिक विरासत और जीवंत लोक संस्कृति से समृद्ध देवभूमि के लोगों ने राष्ट्रसेवा, साहित्य, कला और संस्कृति सहित अनेक क्षेत्रों में अग्रणी भूमिका निभाई है। उन्होंने बाबा केदार से प्रदेश की निरंतर प्रगति और समृद्धि की कामना की।

दीपावली पर  पटाखों से झुलसे 40 लोग, 11 रोड एक्सीडेंट
देहरादून। दीपावली के दौरान आतिशबाजी और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए दून मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाएं अलर्ट मोड पर रहीं। दून अस्पताल में त्योहार के दौरान 90 मामले दीपावली से संबंधित थे।
दून अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक (एमएस) डॉ. आरएस बिष्ट ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि दीपावली के दौरान पटाखों से झुलसने के 40 मामले सामने आए। राहत की बात यह रही कि इनमें किसी भी मरीज की स्थिति गंभीर नहीं थी। सभी को प्राथमिक उपचार देने के बाद घर भेज दिया गया।
दून अस्पताल के एमएस डॉ. आरएस बिष्ट के मुताबिक, दीपावली के दौरान आतिशबाजी से जुड़े मामलों में सबसे अधिक मरीज झुलसने के कारण अस्पताल पहुंचे। कुल 40 लोग पटाखों की चपेट में आकर घायल हुए। इनमें 38 मरीजों के हाथ झुलसे थे, जबकि दो लोगों के चेहरे पर पटाखों की चिंगारी या लपटों की चपेट में आने से चोट आई। दीपावली पर पटाखों से होने वाले हादसों में अलग-अलग आयु वर्ग के लोग घायल हुए। डॉ. बिष्ट के अनुसार, पांच साल से कम उम्र के करीब पांच बच्चे भी झुलसने के बाद अस्पताल पहुंचे। वहीं, 12 साल से कम उम्र के बच्चों की संख्या भी लगभग इतनी ही रही। इसके अलावा किशोर, युवा और वयस्क भी आतिशबाजी के दौरान घायल हुए। इससे साफ है कि पटाखों से होने वाले हादसों का खतरा केवल बच्चों तक सीमित नहीं है, बल्कि बड़े भी इसकी चपेट में आ रहे हैं। वहीं, 40 बर्न इंजरी के मामलों में 28 पुरुष और 12 महिलाएं शामिल थीं। एमएस डॉ. आरएस बिष्ट ने बताया कि पटाखों से झुलसे सभी मरीजों को अस्पताल में तत्काल उपचार उपलब्ध कराया गया। इमरजेंसी और प्लास्टिक सर्जरी यूनिट के डॉक्टरों ने घायलों को प्राथमिक उपचार दिया। उपचार के बाद सभी को डिस्चार्ज कर दिया गया। इसके अलावा  पिछले 24 घंटों में करीब 11 लोग सड़क हादसों में घायल होने के बाद अस्पताल पहुंचे। हालांकि, इन हादसों में घायल किसी भी मरीज की स्थिति गंभीर नहीं बताई गई। सभी को समय पर उपचार उपलब्ध कराया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button