
देहरादून। सोमवार को सोशल मीडिया पर पुराने वीडियो और तस्वीरों के साथ गलत दावे जोड़कर प्रसारित करने का मामला सामने आया है। भाजपा सांसद कंगना रनौत से जुड़े एक वीडियो को लेकर देहरादून में शिकायत के बाद पुलिस ने कार्रवाई की है।
भाजपा सांसद कंगना रनौत के एक पुराने वीडियो को सोशल मीडिया पर भ्रामक और झूठे तथ्यों के साथ प्रसारित करने के मामले में राजपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोप है कि वीडियो के साथ गलत कैप्शन, पोस्ट और टिप्पणियां जोड़कर यह प्रचारित किया गया कि कंगना रनौत ने 29 अक्तूबर 2026 को करवाचौथ के अवसर पर प्रधानमंत्री की दीर्घायु के लिए वैवाहिक व्रत रखा था। पुलिस ने अज्ञात सोशल मीडिया अकाउंट संचालकों के खिलाफ आईटी एक्ट और बीएनएस की विभिन्न धाराओं में अभियोग दर्ज किया है।
भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री नेहा शर्मा ने 16 नवंबर को राजपुर थाने में तहरीर देकर बताया कि सांसद कंगना रनौत का यह वीडियो पुराना है। इसमें वह राजस्थान के जोधपुर स्थित गणेश मंदिर, श्री चामुंडा मंदिर और गजानन महाराज मंदिर में पूजा-अर्चना कर रही हैं। आरोप है कि कुछ लोगों ने इस वीडियो को अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भ्रामक कैप्शन, रील और टिप्पणियों के साथ प्रसारित किया।तहरीर में कहा गया कि वीडियो को गलत संदर्भ में पेश कर सांसद की गरिमा और सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया। साथ ही महिलाओं के सम्मान और धार्मिक परंपराओं को लेकर भी आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं। इससे धार्मिक भावनाएं आहत होने का आरोप लगाया गया है।पुलिस ने शिकायत के आधार पर मु.अ.सं. 275ध्26 के तहत आईटी एक्ट की धारा 66सी और 66डी समेत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने विवेचना डालनवाला के प्रभारी निरीक्षक को सौंपी है। पुलिस संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट और वीडियो प्रसारित करने वालों की जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



