पौड़ी ईको वैन हादसा, हरिद्वार में एक साथ जलीं 7 चिताएं
महिलाओं के अंतिम दर्शन और अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए गांव से बड़ी संख्या में गांव के लोग और रिश्तेदार हरिद्वार पहुंचे।

लोगों व ग्रामीणों ने नम आंखों से दी अंतिम विदाई
चंडीघाट पर परिजन रोते बिलखते बदहवास नजर आए
हरिद्वार। उत्तराखंड पौड़ी जिले में हुए सड़क हादसे में जान गंवाने वाली सात महिलाओं के शव रविवार को हरिद्वार लाए गए। यहां चंडीघाट पर सातों महिलाओं के शवों का एक साथ अंतिम संस्कार किया गया। एक ही गांव की सात महिलाओं की चिताएं एक साथ जलती देख घाट पर मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम हो गईं। चंडीघाट पर परिजन रोते बिलखते बदहवास नजर आए।
बताया जा रहा है कि हादसे में जान गंवाने वाली सभी सात महिलाएं एक ही गांव की रहने वाली थीं और आपस में रिश्तेदार थीं। एक साथ कई घरों में मातम छा जाने से गांव में भी शोक का माहौल है। महिलाओं के अंतिम दर्शन और अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए गांव से बड़ी संख्या में गांव के लोग और रिश्तेदार हरिद्वार पहुंचे। चंडीघाट पर जैसे ही सातों महिलाओं की अर्थियां पहुंचीं, परिजनों का रो रोकर बुरा हाल हो गया।
अपने ही परिवार और गांव की महिलाओं को एक साथ अंतिम विदाई देते समय कई परिजन खुद को संभाल नहीं सके। घाट पर मौजूद लोगों ने परिजनों को ढांढस बंधाया और एक दूसरे को सांत्वना दी। लेकिन एक साथ इतने लोगों की मौत से गांव में गम का माहौल है। इसके बाद चंडीघाट पर सभी का अंतिम संस्कार एक साथ किया गया। सात चिताएं एक साथ जलती रहीं और घाट का माहौल पूरी तरह गमगीन रहा।
बता दें कि 28 नवंबर को पौड़ी जिले के रिखणीखाल से भंगलवाड़ जा रही इको वैन करीब 300 मीटर गहरी खाई में गिर गई थी। हादसे के वक्त वाहन में चालक समेत 12 लोग लोग सवार थे। हादसे में एक चालक समेत 8 लोगों की मौत और 4 लोग घायल हुए हैं। मृतकों में सात महिलाएं शामिल हैं और सातों महिलाएं एक ही तोप यानी स्थान के रहने वाले थे। सातों महिलाएं किसी स्वयं सहायता समूह से जुड़ी थीं और बैंक में बैंणी भुली योजना का फॉर्म भरकर वापस गांव लौट रही थीं। वापस लौटते वक्त उनकी गाड़ी हादसे का शिकार हो गई थी।
कलवाड़ी से आगे भंगलवाड़ गांव के तोप जगह से कई लोग फॉर्म भरने के लिए बाजार गए थे। वापस लौटते वक्त उनकी गाड़ी दुर्घटना का शिकार हो गई। इस हादसे में एक ही गांव की सात महिलाओं की मौत हो गई थी। यह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। गांव में एक साथ इतने सारे लोगों का अंतिम संस्कार करना संभव नहीं था। इसलिए प्रशासन की मदद से सभी के मृत शरीर को हरिद्वार में दाह संस्कार के लिए लाया गया है।
वहीं पुलिस प्रशासन द्वारा चंडीघाट श्मशान घाट पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। हादसे पर हरिद्वार के सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने भी दुख व्यक्त किया।



