उत्तराखंड

कपाट बंद होते ही केदारनगरी में पसरा सन्नाटा, छह माह के लिए थम गई रौनक

भगवान केदारनाथ की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली अपने शीतकालीन गद्दीस्थल ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर पहुंच चुकी है।

भक्तों के जयकारों से गूंजने वाली गलियां हुईं वीरान, अब ऊखीमठ के ओंकारेश्वर मंदिर में होंगे बाबा केदार के दर्शन
शीतकाल में केदारनाथ धाम की परंपराओं से खिलवाड़ के आरोप
साधु-संतों के प्रवास पर रोक लगाने की मांग ने पकड़ा जोर
तीर्थ पुरोहित संतोष त्रिवेदी और हिंदू नेता अशोक सेमवाल ने उठाए सवाल

रुद्रप्रयाग। विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद होते ही केदारनगरी की रौनक मानो एकाएक थम गई है। कुछ दिन पहले तक जिस धाम की वादियां बाबा केदार के जयकारों, घंटियों की गूंज और श्रद्धालुओं की आवाजाही से गुंजायमान रहती थीं, वहां अब सन्नाटा पसरा हुआ है। भक्तों की भीड़ से गुलजार रहने वाली गलियां वीरान हैं तो बाजारों में भी सन्नाटे ने दस्तक दे दी है। आस्था के इस विश्वविख्यात धाम की तस्वीर अब पूरी तरह बदल चुकी है।
ग्रीष्मकालीन यात्रा के समापन के साथ ही बाबा केदार छह माह की शीतकालीन समाधि में लीन हो गए हैं। मंदिर परिसर से लेकर आसपास के बाजारों और यात्रा मार्ग तक अब पहले जैसी चहल-पहल दिखाई नहीं दे रही है। यात्रा सीजन में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने से गुलजार रहने वाली केदारनगरी अब बर्फीली हवाओं और सन्नाटे के बीच शीतकाल बिताने की तैयारी में है।
हालांकि, शीतकाल में भी बाबा केदार की पूजा-अर्चना परंपरागत विधि-विधान से जारी रहेगी। भगवान केदारनाथ की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली अपने शीतकालीन गद्दीस्थल ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर पहुंच चुकी है। अगले छह माह तक श्रद्धालु ओंकारेश्वर मंदिर में ही बाबा केदार के दर्शन कर सकेंगे। अब भक्तों की निगाहें अगले यात्रा सीजन में धाम के कपाट खुलने पर टिकी रहेंगी।
फिलहाल, एक तरफ केदारनगरी की गलियों में पसरा सन्नाटा अगले यात्रा सीजन का इंतजार कर रहा है, तो दूसरी तरफ शीतकालीन व्यवस्थाओं और परंपराओं को लेकर उठे सवालों ने केदारनाथ धाम को एक बार फिर चर्चा के केंद्र में ला दिया है।

शीतकालीन व्यवस्थाओं और परंपराओं पर उठे सवाल,
रूद्रप्रयाग।  एक ओर केदारनगरी में शीतकाल का सन्नाटा छा गया है, वहीं दूसरी ओर कपाट बंद होने के बाद धाम में साधु-संतों के प्रवास और धार्मिक परंपराओं को लेकर एक नया विवाद सामने आया है। केदारनाथ धाम में परंपराओं से खिलवाड़ किए जाने के आरोप लगाते हुए तीर्थ पुरोहित संतोष त्रिवेदी और हिंदू नेता अशोक सेमवाल ने आवाज उठाई है। उन्होंने शीतकाल के दौरान साधु-संतों के प्रवास पर रोक लगाने की मांग को लेकर सवाल खड़े किए हैं।
उनका कहना है कि केदारनाथ केवल एक पर्यटन स्थल नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था और सनातन परंपराओं का सर्वाेच्च तीर्थ है। ऐसे में शीतकाल के दौरान धाम की धार्मिक मर्यादा, परंपराओं और व्यवस्थाओं को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
इस मुद्दे ने अब एक नई बहस को जन्म दे दिया है कि शीतकाल में केदारनाथ धाम की व्यवस्थाएं किस तरह संचालित होंगी और धार्मिक परंपराओं की मर्यादा बनाए रखने के लिए क्या कदम उठाए जाएंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button