उत्तराखंड

खट्टी-मीठी यादों और पुरस्कार वितरण के साथ तीन दिवसीय मदमहेश्वर मेले का समापन

उन्होंने मेले के सफल आयोजन के लिए नगर पंचायत और मेला समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए इस परंपरा को निरंतर आगे बढ़ाने की बात कही।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को किया गया सम्मानित

रुद्रप्रयाग। जीआईसी खेल मैदान में आयोजित तीन दिवसीय मदमहेश्वर मेले का रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों, खट्टी-मीठी यादों और पुरस्कार वितरण के साथ भव्य समापन हो गया। समापन समारोह में राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष ऐश्वर्या रावत मुख्य अतिथि तथा मदमहेश्वर धाम के प्रधान पुजारी शिव शंकर विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्ष कुब्जा धर्म्वाण ने की।
मुख्य अतिथि ऐश्वर्या रावत ने कहा कि मदमहेश्वर मेला क्षेत्र की धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक विरासत को संरक्षित रखने का महत्वपूर्ण मंच है। ऐसे आयोजनों से स्थानीय लोक संस्कृति, पारंपरिक रीति-रिवाजों और क्षेत्रीय प्रतिभाओं को पहचान मिलती है। साथ ही नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने मेले के सफल आयोजन के लिए नगर पंचायत और मेला समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए इस परंपरा को निरंतर आगे बढ़ाने की बात कही।
विशिष्ट अतिथि मदमहेश्वर धाम के प्रधान पुजारी शिव शंकर ने कहा कि भगवान मदमहेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली के शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ पहुंचने के अवसर पर आयोजित यह मेला धार्मिक आस्था के साथ क्षेत्र की समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं का प्रतीक है। मेले से क्षेत्र की धार्मिक पहचान मजबूत होने के साथ ही सामाजिक एकता और आपसी मेल-मिलाप को भी बढ़ावा मिलता है।
नगर पंचायत अध्यक्ष कुब्जा धर्म्वाण ने तीन दिवसीय मेले के सफल एवं निर्विघ्न आयोजन के लिए क्षेत्रीय जनता, जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों, महिला मंगल दलों, युवक मंगल दलों, विद्यालयों, स्थानीय कलाकारों, विभिन्न विभागों और मेला समिति के सदस्यों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि मदमहेश्वर मेला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान, सामाजिक समरसता और स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने का सशक्त माध्यम है। भविष्य में सामूहिक सहयोग से मेले को और अधिक भव्य एवं आकर्षक स्वरूप दिया जाएगा।
गौरतलब है कि तीन दिनों तक चले मेले में जीआईसी खेल मैदान सांस्कृतिक गतिविधियों से गुलजार रहा। महिला मंगल दलों, युवक मंगल दलों, विद्यालयों और स्थानीय कलाकारों की लोकगीत, लोकनृत्य एवं रंगारंग प्रस्तुतियों ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। मेले में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने कार्यक्रमों का आनंद लिया और आयोजन को यादगार बनाया।
समापन समारोह में मेले के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कनिष्ठ प्रमुख प्रदीप त्रिवेदी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विजय राणा, सांसद प्रतिनिधि श्रीनन्द जमलोकी, प्रधान आशा देवी, मिथला देवी, पूर्व प्रधान अंजना रावत, दलेब राणा, रीना अग्रवाल, विराट भट्ट, रजनी शर्मा, पदपेन्द्र रावत सहित जनप्रतिनिधि, मेला समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य तथा बड़ी संख्या में प्रतिभागी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button